बदलते मौसम में लोगों को खांसी, गले में खराश व दर्द की समस्या बनी हुई है। जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन इन रोगों से पीड़ित 400 से अधिक मरीज परामर्श लेने पहुंच रहे हैं। चिकित्सक संबंधित को सर्दी से बचाव और ठंडे पेय पदार्थों का सेवन न करने की सलाह दे रहे हैं।
जिला अस्पताल की ओपीडी में इन दिनों 1200 से 1500 मरीज उपचार कराने के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें बुखार के साथ खांसी, गले में खराश व दर्द आदि के मरीज अधिक हैं। सोमवार को ओपीडी में पहुंची मरीज शकुंतला और मनीष ने बताया कि पिछले कई दिनों से गले में खराश व दर्द बना हुआ है।
नाक, कान, गला सर्जन डॉ. अरुण एमएस ने बताया कि बदलते मौसम में वायरल के चलते खांसी, गले में खराश और दर्द की समस्या हो जाती है। इसका एक कारण यह है कि तापमान थोड़ा बढ़ते ही लोग ठंडे पेय पदार्थ का सेवन करना शुरू कर देते हैं। खांसी, गले में खराश होने पर गर्म पानी का सेवन करें।
चिकनाई एवं अधिक मसाले वाले पदार्थ न खाएं। जिला अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डॉ. प्रदीप राणा ने बताया कि ओपीडी में इन दिनों खांसी, गले में खराश व दर्द के मरीजों को जरूरी दवाएं भी वितरित की जा रही हैं। लोगों को बदलते मौसम में बचाव करना चाहिए।