गलत ऑपरेशन से जिला अस्पताल के डॉक्टर डीएम की रडार पर हैं। डीएम ने एडीएम को जांच सौंपी है। एडीएम वित्त ने सीएमओ को नोटिस भेजकर तीन दिन में रिपोर्ट मांगी है। जिला अस्पताल में डॉक्टर के गलत ऑपरेशन करने से एक व्यक्ति का शरीर सड़ने लगा है।
पेट दर्द की शिकायत पर 20 मई को पुलिस लाइन निवासी संदीप को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परीक्षण के बाद संदीप का अपेंडिक्स का ऑपरेशन किया गया। इसके बाद से संदीप का शरीर फूलने लगा और जगह जगह से फट गया।
हालत बिगड़ने पर परिजन उसको मेरठ के निजी अस्पताल ले गए। जहां, संदीप का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। संदीप के भाई प्रदीप ने बताया कि मेरठ स्थित निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि गलत ऑपरेशन के कारण संदीप की यह हालत हुई है।
मामले में डीएम शुभ्रा सक्सेना ने संज्ञान लेते हुए जांच का आदेश दिया है। इस प्रकरण की जांच एडीएम वित्त बृजेश कुमार को सौंपी गई है। जांच के क्रम में एडीएम वित्त ने सीएमओ को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है।
सीएमओ को नोटिस भेज दिया गया है। सीएमओ को तीन दिन के भीतर जवाब देना होगा और जिम्मेदारी तय करनी होगी। इसके बाद गैर जिम्मेदार डॉक्टरों पर कार्रवाई की जाएगी। - बृजेश कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्
एडीएम वित्त को जांच सौंप दी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर गैर जिम्मेदार डॉक्टरों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। - शुभ्रा सक्सेना, डीएम, बुलंदशहर