संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। बकाया बिल वसूलने के लिए शुरू की गई ओटीएस (एकमुश्त समाधान योजना) के तहत दूसरे चरण में कुल 28 हजार उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ लिया है। दो चरणों में जिले के 3.53 लाख उपभोक्ताओं में से 69,489 उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ लेते हुए 43.26 करोड़ रुपये का बिल जमा किया है।
15 दिसंबर 2024 से ऊर्जा निगम के बकाएदारों से बिल वसूली के लिए ओटीएस योजना शुरू की गई थी। 31 दिसंबर तक योजना के पहले चरण में उपभोक्ताओं को सौ फीसदी तक सरचार्ज व ब्याज पर छूट दी गई। जिसके चलते जिले में कुल 41,053 उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ लेते हुए बकाया बिल जमा किया।
15 जनवरी को समाप्त हुए दूसरे चरण में योजना का लाभ लेने के लिए 28,436 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया है। खुर्जा खंड की स्थिति जिले में सबसे खराब हैं। यहां बकाएदारों के सापेक्ष अभी तक केवल 16.23 फीसदी उपभोक्ताओं ने ही 8.99 करोड़ रुपये जमा कराए हैं। सबसे अधिक डिबाई खंड में 22.57 फीसदी उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ लेते हुए 4.37 करो़ड़ रुपये जमा कराए हैं। अब जिले में 2,83,894 बकाएदारों पर विभाग का कुल 279.69 करोड़ रुपये का बिल बकाया है।
ऊर्जा निगम के प्रभारी मुख्य अभियंता निरंजन कुमार सिंह ने बताया कि बकाएदारों से बिल वसूली के लिए लगातार टीम प्रयास कर रही है। बड़े बकाएदारों के खिलाफ जल्द ही कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी।