बुलंदशहर। सिकंदराबाद विधायक के गांव स्थित गोशाला में बीमार गोवंशों की मौत के बाद कुत्तों ने शव नोच डाले। बताया जा रहा है कि कर्मचारियों की लापरवाही के कारण गोवंशों के शव दफन नहीं किए गए। वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और शवों को दफन कराया।
सिकंदराबाद विधायक लक्ष्मीराज सिंह के गांव भांसौली में गोशाला संचालित है। गांव निवासी संजय सिंह ने बताया कि गोशाला परिसर में चार गोवंशों की मौत हो गई थी। चारों के शव गोशाला परिसर में ही पड़े थे। शवों को कुत्ते नोच रहे थे। इस पर उन्होंने वीडियो बनाकर अधिकारियों को भेजी।
वीडियो वायरल होने के बाद बृहस्पतिवार को बीडीओ और पंचायत सचिव समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और शवों को दफन कराया। बताया कि गोशाला में करीब 70 गोवंश हैं और इनमें से कई गोवंश गंभीर रूप से बीमार हैं।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि गोवंशों की मौत बुधवार को हुई थी। गोशाला परिसर में काम चल रहा है, जिसके चलते केयर टेकर ने ध्यान नहीं दिया था। संवाद