अनूपशहर। कोतवाली क्षेत्र के गांव मौजपुर में चोरों ने जंगल में स्थित सात किसानों के ट्यूबवेलों को अपना निशाना बनाया। शातिर चोर यहां से हजारों रुपये कीमत की झटका मशीनें, बैटरियां और अन्य कीमती कृषि उपकरण चोरी कर लिए। एक साथ सात जगहों पर हुई इस वारदात से किसानों में भारी रोष व्याप्त है।
मौजपुर निवासी किसान अशोक कुमार, हरिओम गिरी, महेश शर्मा, मनवीर सिंह, कन्छी सिंह, राजकुमार और राकेश के ट्यूबवेल पास-पास स्थित हैं। चोरों ने पूरी योजना के साथ एक के बाद एक सभी सात ट्यूबवेलों के स्टार्टर रूम के ताले चटकाए। पीड़ित किसान अशोक कुमार ने बताया कि चोर केवल झटका मशीनें और बैटरियां ही नहीं, बल्कि वहां रखे पाना-चाबी और अन्य छोटे उपकरण भी साथ ले गए।
शुक्रवार सुबह जब किसान खेतों पर पहुंचे तो जानकारी हुई। सामूहिक रूप से कोतवाली पहुंचे किसानों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। किसानों का कहना है कि रात में गश्त न होने के कारण बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़ित किसानों की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। संदिग्धों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही वारदात का खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।