संवाद न्यूज एजेंसी
डिबाई। थाना पुलिस ने अवैध पटाखों की सप्लाई के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर गोदाम से करीब 50 कार्टून अवैध पटाखे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है।
एसपी देहात बीबी चौरसिया ने बताया कि अवैध रूप से बेची जा रही आतिशबाजी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार सुबह डिबाई पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति का गालिबपुर रोड पर गोदाम है। जिसमें बड़ी मात्रा में आतिशबाजी रखी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर गोदाम से आतिशबाजी बरामद की है। जिसमें करीब 50 कार्टून अवैध पटाखे, जिनका वजन करीब 1100 किलोग्राम है, इसकी बाजार में कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी जा रही है। साथ ही मौके से पुलिस ने आरोपी अखिल कुमार निवासी छोटा बाजार कस्बा व थाना डिबाई जनपद बुलंदशहर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से इसका लाइसेंस भी नहीं मिला है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शादी पार्टियों में अवैध पटाखे बेचता है।