आरोपी राजकुमार और प्रशांत की फाइल फोटो।
बुलंदशहर। नयागांव की अवैध केमिकल फैक्टरी के संचालक राजकुमार और उसके एक साथी प्रशांत को पुलिस ने शनिवार रात नोएडा से गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसके भाई प्रमोद को रविवार शाम बस अड्डे से गिरफ्तार किया गया। पुलिस और एसआईटी की टीम तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही हैं। राजकुमार ने बताया कि विस्फोट में विनोद की पत्नी बबीता और मामा नौबतराम की भी मौत हो चुकी है। उसके इस कुबूलनामे के बाद अब फैक्टरी में हुए विस्फोट में मरने वालों की संख्या सात हो गई है।
शुक्रवार को नगर क्षेत्र के ढाकर रोड पर स्थिति नयागांव अवैध केमिकल फैक्टरी में भीषण ब्लास्ट हुआ था। उस दिन पुलिस ने फैक्टरी मालिक राजकुमार के भाई विनोद समेत पांच लोगों की मौत की पुष्टि की थी। विनोद की पत्नी और अलीगढ़ निवासी मामा नौबतराम लापता थे। शनिवार देर रात पुलिस ने आरोपी फैक्टरी मालिक राजकुमार और उसके एक साथी प्रशांत को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में राजकुमार ने बताया कि वह फैक्टरी में नकली पेंट और पॉलिश बनाने का काम करता था। उसका भाई विनोद, विनोद की पत्नी बबीता, मामा चंद्रपाल, कर्मचारी अभिषेक, गार्ड चंद्रपाल समेत पांच लोग विस्फोट के समय फैक्टरी के अंदर मौजूद थे। ई-रिक्शा चालक रईस और उसका पांच वर्षीय बेटा अहद फैक्टरी के बाहर वाले हिस्से में थे। विस्फोट में सभी की मौत हो गई। घटना के वक्त करीब 100 लीटर तैयार और 150 लीटर कच्चा थिनर फैक्टरी में रखा हुआ था। राजकुमार ने बताया कि हो सकता है कि चाय बनाने के लिए गैस जलाने पर फर्श पर बिखरे थिनर में आग पकड़ ली होगी। इसके बाद केमिकल से भरे ड्रमों से विस्फोट हो गया। उसने बताया कि वह विस्फोट से कुछ देर पहले ही फैक्टरी से घर के लिए निकला था। हालांकि, अभी भी पुलिस इस बात की पुष्टि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही करने की बात कह रही है।
तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पता चला है कि फैक्टरी में केमिकल से लकड़ी के लिए पेंट और पॉलिश बनाने का काम होता था। राजकुमार ने पूछताछ में दो लापता लोगों की भी मौत की पुष्टि की है। अब मृतकों की संख्या सात हो गई है।
- सुरेंद्र नाथ तिवारी, एसपी सिटी