अब जिले के अफसर एसी दफ्तरों से निकलकर खुद लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुलझाएंगे। नगरीय क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सुलझाने के लिए डीएम ने ‘अपना शहर’ योजना शुरू की है। इसके तहत अफसर वार्ड में जाकर लोगों की समस्याओं को सुलझाएंगे।
नगरीय क्षेत्र के लोगों की शिकायतों के बढ़ते बोझ को देखते हुए इसके एकमुश्त समाधान के लिए यह योजना बनाई गई है। जिलाधिकारी डॉ. रोशन जैकब ने जनपद में पहली बार ‘अपना शहर’ नामक योजना लांच की है।
इसके तहत माह में पांच बार विभिन्न क्षेत्रों में कैंप लगाए जाएंगे। कैंप में विद्युत आपूर्ति, सफाई, पेंशन, सड़क मरम्मत, अतिक्रमण, पेयजल, राशन वितरण से संबंधित समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा। जनसमस्याओं को सुनने के लिए अफसरों को सुबह आठ से नौ बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। जनसमस्याओं को सुनने के बाद अफसर वार्ड का निरीक्षण भी करेंगे और रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेंगे।