महाशिवरात्रि पर हरिद्वार गंगा जल लेने के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की एक स्थान से यदि 40 से अधिक संख्या हाेगी तो रोडवेज की बस उन्हें लेने के लिए सीधे उनके गांव में बताए गए स्थान पर पहुंचेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सिकंदराबाद डिपो ने अधिक संख्या होने पर बस को गांव, बताए गए स्थान पर भेजने की व्यवस्था की है।
सिकंदराबाद क्षेत्र से हरिद्वार, ऋषिकेश, गंगोत्री समेत अन्य स्थानों से पवित्र गंगाजल लेने के लिए श्रद्धालुओं का जाना शुरू हो गया है। अधिकांश श्रद्धालु बसाें से हरिद्वार, अन्य तीर्थ स्थलों पर गंगा जल लेने के लिए पहुंच रहे हैं। आगामी 26 फरवरी को शिवरात्रि पर्व पर श्रद्धालु पवित्र गंगाजल से मंदिरों में जलाभिषेक करेंगे।
एआरएम दिनेश सिंह चौहान ने बताया कि कांवड़ यात्रा को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है, श्रद्धालुओं की मांग के अनुसार बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। एक स्थान से श्रद्धालुओं की संख्या 40 से अधिक होने पर डिपो से बस श्रद्धालुओं को उनके गांव, बताए गए स्थान से लेने पहुंचेगी और उन्हें सुरक्षित हरिद्वार तक पहुंचाएगी।
यात्रा के दौरान किसी भी असुविधा से बचने के लिए बसों की संख्या में वृद्धि की गई है और बसों की नियमित निगरानी की जाएगी। रोडवेज प्रशासन यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यात्रा को सुगम बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।