दौलतपुर कला पीएचसी पर आरोग्य मेले में मरीजों को परामर्श देते चिकित्सक। संवाद
बुलंदशहर/शिकारपुर/नरसेना। मौसम के बदलाव से स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही हैं। सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार और सीने में दर्द की शिकायतें आम हो गई हैं। रविवार को जिले के 71 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन-आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। आरोग्य मेले में सर्दी, जुकाम, बुखार, खांसी, बदन दर्द से पीड़ित मरीज सर्वाधिक पहुंचे। इसके अलावा त्वचा रोग, सिरदर्द, पेट दर्द, उल्टी-दस्त आदि के मरीजों ने भी परामर्श लिया। आरोग्य मेले में चार हजार से अधिक मरीजों को परामर्श देने के साथ चिकित्सकों ने जरूरी जांच और दवा का वितरण किया। साथ ही 18 से अधिक मरीजों को पीएचसी पर भर्ती कर प्राथमिक इलाज दिया गया।
जखेता पर पहुंचे 74 मरीज
शिकारपुर क्षेत्र के गांव जखेता के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लगे आरोग्य मेले में दोपहर दो बजे करीब डॉ. आशीष शर्मा मरीजों का इलाज करते मिले। मरीज रामवीर ने बताया कि उनका बेटा एक सप्ताह से बुखार के साथ सर्दी-जुकाम, खांसी की परेशान है। डाॅक्टर ने कुछ जरूरी दवाएं दी हैं। इन दवाओं से आराम न मिलने पर जिला अस्पताल में जाकर दिखाने की सलाह दी है। शिविर में चिकित्सक ने 74 मरीजों को परामर्श दिया। इसमें बुखार, खांसी, उल्टी, त्वचा रोग आदि के मरीज रहे। साथ ही टायफाइड, शुगर और बीपी की जांच भी की गई। इस दौरान फार्मासिस्ट विश्वनाथ जायसवाल मौजूद रहे।
दौलतपुर कला
नरसेना क्षेत्र के गांव दौलतपुर कलां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आरोग्य मेला लगा। दोपहर करीब 12:30 बजे डॉ. जुबेर अहमद मरीजों को परामर्श देते मिले। श्याम ने बताया कि मुझे बुखार और खांसी की दिक्कत है। इलाज के लिए आरोग्य मेले में आया हूं। चिकित्सक ने दवा लिखकर सेवन करने को कहा है। आरोग्य मेले में खांसी, जुकाम और बुखार के करीब 20 मरीजों ने परामर्श एवं जरूरी दवाएं ली।
सभी पीएचसी पर आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। आरोग्य मेले में सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार समेत अन्य बीमारियों के चार हजार से अधिक मरीजों ने परामर्श, दवाएं एवं जांच की सुविधा का लाभ लिया। - डॉ. मंजू अग्रवाल, कार्यवाहक सीएमओ