बुलंदशहर।
यह कोई खंडहर नहीं है, नगर का टांडा स्टेडियम है। यहां 13 से 16 अगस्त तक प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालिका बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन होना है। जगह-जगह से स्टेडियम की दीवार टूटी हुई है। सुरक्षा के इंतजाम सिफर हैं। बदहाल हो चुके स्टेडियम में शौचालय तक की व्यवस्था नहीं है। यही नहीं आसपास के मकानों के सीवर की निकासी भी स्टेडियम के मैदान में है।
प्रतियोगिता का आयोजन खेल निदेशालय व उप्र बॉक्सिंग संघ की ओर से किया जा रहा है। इसमें लखनऊ, मेरठ, फैजाबाद, प्रयागराज, वाराणसी, बरेली, आजमगढ़, गोरखपुर, मुरादाबाद, कानपुर, आगरा, झांसी, सहारनपुर, मिर्जापुर, बस्ती, चित्रकुटधाम, अलीगढ़ और देवीपाटन मंडल (गोंडा) की टीमें प्रतिभाग करेंगी। अभी तक प्रतियोगिता को लेकर कोई तैयारी नहीं की गई है। स्थानीय लोगों ने जगह-जगह से स्टेडियम की दीवार को तोड़कर आने-जाने का रास्ता बना लिया है। पूरे दिन टूटी हुई दीवारों से स्टेडियम में प्रवेश करते हुए लोग दिख जाएंगे।
क्रीड़ाधिकारी नवीन कुमार सिंह न कहा कि प्रतियोगिता को लेकर तैयारी की जा रही है। दीवार को क्षतिग्रस्त करने और सीवर बहाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को पत्र लिखा जाएगा। कुछ दबंग लोग विरोध करने पर धमकी देते हैं। उनकी शिकायत भी प्रशासन को दी जाएगी। बच्चियों के लिए कोई असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
स्टेडियम के मैदान में पहुंच रहा घरों का गंदा पानी
स्टेडियम में लोगों ने अपने घर के बराबर की दीवार सीवर की निकासी स्टेडियम में कर दी है। इससे पूरे स्टेडियम में दुर्गंध पहुंचती है। बारिश होने पर आवास विकास कालोनी का पूरा पानी स्टेडियम में भर जाता है। यह कई दिनों तक नहीं निकलता।
स्टेडियम में नहीं शौचालय और रुकने की व्यवस्था
प्रदेश स्तरीय बालिका बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए स्टेडियम में न तो खिलाड़ियों के रुकने की व्यवस्था है और न ही शौचालय की। दो शौचालय बने हुए हैं लेकिन दोनों ही गंदगी से अटे हुए हैं।