आज से आधी क्षमता पर खुलेंगे होटल, रेस्टोरेंट
बुलंदशहर। कोरोना महामारी के कारण बंद पड़े होटल, रेस्टोरेंट और मॉल को संचालित करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। इसके लिए सरकार ने हिदायत दी है कि आधी क्षमता के साथ ही होटल, रेस्टोरेंट व मॉल का संचालन किया जाए, ताकि महामारी को फैलने से रोका जा सके। सरकार के आदेश से अब होटल व रेस्टोरेंट संचालकों में भी व्यापार दोबारा से शुरू होने की खुशी है। इसके साथ ही अब सरकारी व निजी दफ्तरों में पूरी क्षमता के साथ कर्मचारी कार्य कर सकेंगे। जबकि सरकार ने शादियों में शामिल होने वाले लोगों की संख्या 25 से बढ़ाकर 50 कर दी है। दूसरी ओर स्कूल, स्वीमिंग पूल, जिम का संचालन अभी भी बंद रखा गया है। जबकि किसी भी ऐसे धार्मिक कार्यक्रम जिसमें भीड़ लगने की आशंका रहेगी, उसकी अनुमति नहीं दी जाएगी।
इन नियमों का करना होगा पालन
- बिना मास्क के होटल रेस्टोरेंट में जाने की अनुमति नहीं होगी
- रेस्टोरेंट संचालकों को सैनिटाइजर रखना होगा, उसका प्रयोग करने के बाद ही ग्राहक अंदर जाएंगे
- सोसल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा
बोले संचालक
कोरोना नियमों का किया जाएगा पालन
दोबारा से व्यापार शुरू होने से खुशी है। होटल संचालकों को व्यापार बंद होने के बाद भी लाखों रुपये प्रतिमाह का खर्च करना पड़ रहा था। होटल में आने वाले लोगों को कोविड नियमों का पालन कराया जाएगा।
राकेश ठाकुर, संचालक, गोल्डन होटल
मास्क के बाद ही मिलेगा प्रवेश
लंबे समय से होटल व रेस्टोरेंट बंद होने और कर्मचारियों को वेतन और मेंटेनेंस की
धनराशि जेब से खर्च करनी पड़ रही थी। इससे स्थिति और गंभीर हो रही थी। अब राहत मिलने की उम्मीद है। प्रत्येक व्यक्ति को मास्क लगाने और हाथों को सैनिटाइज कराकर ही अंदर प्रवेश दिया जाएगा।
दयाचंद बड़गोती, संचालक, ब्रेक प्वाइंट
किया जाएगा औचक निरीक्षण
जो भी होटल रेस्टोरेंट खुलेंगे उनका औचक निरीक्षण किया जाएगा। अगर कोविड नियमों का पालन करते कोई संचालक नहीं पाया गया तो महामारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी
रवीन्द्र कुमार, एडीएम प्रशासन