बुलंदशहर। बारिश का असर सब्जियों के दामों पर देखने को मिल रहा है। पिछले 20 दिन के अंदर सभी सब्जियों के दाम बढ़ गए हैं। मिर्च का दाम 40 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ने के कारण इसका स्वाद पहले से अधिक तीखा हो गया है। वहींं, हरी धनिया की कीमत भी 200 रुपये प्रति किलो के पार हो गई है। फूल गोभी समेत अन्य सब्जियों के दाम भी बढ़े हैं।
सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान खुशीराम लोधी ने बताया कि बारिश के चलते खेतों में नमी बढ़ गई है। पानी भर जाने के कारण भिंडी, लौकी, तोरई, टिंडे, टमाटर सहित अन्य सब्जियां खराब हो गई हैं। इस समय मध्य प्रदेश से टमाटर और महाराष्ट्र से भी अन्य हरी सब्जियों की आवक हो रही है।
वहीं, जिले से भी किसान मंडियों में इन सब्जियों को लेकर पहुंच रहे हैं। इस समय मंडी में आवक कम होने से सब्जियों के दामों में वृद्धि हुई है। सब्जी विक्रेता पंकज व सुरेंद्र ने बताया कि बारिश के कारण स्थानीय व बाहर से आने वाली सब्जियों की आवक घटने से मूल्यों में इजाफा हुआ है। पिछले करीब 20 दिन से सब्जियों के दाम में 10 से 60 रुपये प्रति किलोग्राम तक की वृद्धि हो गई है।
-
सब्जी का नाम- 20 दिन पहले के दाम, अब के दाम
धनियां - 120 से 130 रुपये - 200 से 240 रुपये
हरी मिर्च - 80 रुपये - 120 रुपये
फूल गोभी - 60 रुपये - 100 रुपये
शिमला मिर्च- 70 रुपये - 120 रुपये
अरबी- 30 रुपये - 40 रुपये
लौकी - 30 रुपये - 40 रुपये
तोरई - 20 रुपये - 40 रुपये
टमाटर - 40 - 50 रुपये
पालक - 20 - 40 रुपये
नींबू - 80 रुपये - 120 रुपये
भिंडी - 40 रुपये - 50 रुपये
काशीफल - 20 रुपये - 30 रुपये
बैगन- 40 रुपये - 50 रुपये
टिंडा - 30 रुपये - 40 रुपये
अदरक - 80 रुपये - 100 रुपये