बुलंदशहर। निकाय चुनाव के मतदान के चलते संबंधित क्षेत्र के सरकारी चिकित्सालयों में इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे जारी रहेंगी। एंबुलेंस को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। मतदान के दौरान छिटपुट घटनाएं हो जाती हैं। ऐसे में घायल को तत्काल इलाज मिल सके, इसके लिए निकाय क्षेत्र में पड़ने वाले सभी सरकारी चिकित्सालयों में 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं जारी रखने के सीएमओ ने निर्देश दिए हैं। सीएमओ डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि जिन चिकित्सक और कर्मचारियों की निकाय चुनाव में ड्यूटी नहीं लगी है, वे सभी चिकित्सालयों पर तैनात रहेंगे। मतदान के दिन सरकारी चिकित्सालयों में इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी। साथ ही जिला अस्पताल में 10 बेड आरक्षित करवाए गए हैं। इसके अलावा जिले में तैनात 102 व 108 सेवा की सभी एंबुलेंस को अलर्ट मोड पर रखा गया है। एंबुलेंस कर्मियों को निर्देश दिए हैं कि सूचना मिलने के 15 मिनट के अंदर मौके पर पहुंचें। संवाद