बिना पंजीकरण चल रहा यशोदा हॉस्पिटल सील
बुलंदशहर। बिना पंजीकरण संचालित हो रहे यशोदा हॉस्पिटल को जिलाधिकारी द्वारा गठित की गई जांच टीम ने सील कर दिया है। पिछले दिनों कई अस्पतालों के बिना पंजीकरण संचालित होने की सूचना आईएमए ने जिलाधिकारी को दी थी। उसके बाद डीएम ने टीम गठित करते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए थे। बुधवार को नगर मजिस्ट्रेट, सीओ, एसीएमओ ने कार्रवाई की है। अस्पताल में भर्ती तीन मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन द्वारा बीते दिनों जिलाधिकारी को पत्र देकर नगर समेत जिलेभर में फैले अंपजीकृत/झोलाछाप पर कार्रवाई करने की मांग की गई थी। जिसे डीएम द्वारा संज्ञान में लेकर एक सप्ताह पूर्व तीन सदस्यीय टीम गठित कर कार्रवाई करने की जिम्मेदारी दी गई थी। बुधवार को टीम में शामिल नगर मजिस्ट्रेट मीनू राणा, सीओ वीपीएस चौहान और स्वास्थ्य अफसरों संग नगर के ईदगाह रोड स्थित यशोदा हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में काफी अनियमितताएं मिलीं। बिना विशेषज्ञ के अस्पताल का संचालन हो रहा था। संचालन संबंधी कोई भी दस्तावेज न दिखाए जाने पर अस्पताल को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान एसीएमओ डॉ. बसंतराम और जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. बीके श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कोई भी चिकित्सक मौजूद नहीं था और न ही मेडिकल स्टोर पर फार्मासिस्ट था। पंजीकरण संबंधी कोई दस्तावेज भी नहीं मिले हैं। बिना पंजीकरण अस्पताल का संचालन होने पर संबंधित को सील कर नोटिस जारी किया गया है। जल्द पंजीकरण संबंधित दस्तावेज न दिखाने पर मुकदमा दर्ज कराकर कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण की रिपोर्ट डीएम को भेजी जा रही है। - मीनू राणा, नगर मजिस्ट्रेट