बुलंदशहर। कोतवाली देहात क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी में मंगलवार रात एक शराबी होमगार्ड के हंगामे का विरोध करना पूर्व सभासद के परिजनों व अन्य पड़ोसियों को भारी पड़ गया। आरोपी होमगार्ड ने घर की छत पर पहुंचकर अपनी पत्नी के साथ मिलकर नीचे खड़े लोगों पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। होमगार्ड के गाली गलौज करने के बाद यह विवाद बढ़ा और कॉलोनी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय निवासियों की शिकायत पर कोतवाली देहात पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित पूर्व सभासद सोनू पाठक के साथ अन्य पड़ोसियों ने तहरीर देकर बताया कि मंगलवार देर रात आरोपी होमगार्ड शराब के नशे में धुत होकर अपने आवास के पास शोर-शराबा और गाली गलौज कर रहा था। जब आसपास के लोगों ने उसके इस व्यवहार का विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान होमगार्ड की पत्नी भी गुस्से में आ गई और वह छत पर चढ़ गई।
उसने नीचे खड़े विरोध कर रहे कुछ कॉलोनीवासियों पर ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। हालांकि, गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। कॉलोनीवासियों ने बताया कि यह पूरी घटना उनके आवासों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। स्थानीय निवासियों ने बुधवार को कोतवाली देहात पुलिस को शिकायत दी है। आरोप है कि आरोपी होमगार्ड आए दिन शराब के नशे में कॉलोनी में हंगामा करता है, जिससे महिलाएं और बच्चे भी असहज महसूस करते हैं। थाना पुलिस मामले में जांच कर अग्रिम कार्रवाई की बात कह रही है।