अनूपशहर। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) मेरठ की तीन दिवसीय अंतरमहाविद्यालयीय वॉलीबाल प्रतियोगिता पुरुष/महिला 2026-27 का शुभारंभ सोमवार को डीपीबीएस कॉलेज में हुआ। पहले दिन महिला वर्ग की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। एचएलएम कॉलेज गाजियाबाद और एनसीपीई नोएडा की टीमों ने जीत दर्ज कर मजबूत शुरुआत की।
उद्घाटन एसडीएम अरुण कुमार ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया। प्राचार्य जीके सिंह ने बताया कि महिला वर्ग के नॉकआउट मुकाबले में मेजबान डीपीबीएस कॉलेज, अनूपशहर और एचएलएम कॉलेज, गाजियाबाद की टीम आमने-सामने रहीं।
मुकाबले में एचएलएम कॉलेज की टीम ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और 21-05, 21-04 के अंतर से जीत दर्ज की।
लीग मुकाबले में एनसीपीई और सीसीएस विश्वविद्यालय परिसर, मेरठ की टीमों के बीच मुकाबला हुआ। एनसीपीई की टीम ने दोनों सेट 21-05, 21-05 से अपने नाम कर मुकाबला जीत लिया।
अगले मुकाबले में एमएमएच कॉलेज, गाजियाबाद और एचएलएम कॉलेज, गाजियाबाद की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। एचएलएम कॉलेज की टीम ने निर्णायक बढ़त बनाते हुए मुकाबला 22-20, 21-09 से जीत लिया। इसके बाद एनसीपीई, नोएडा और एमएमएच कॉलेज, गाजियाबाद की टीमों के बीच मुकाबला खेला गया। एनसीपीई की टीम ने एकतरफा अंदाज में खेलते हुए 21-05, 21-09 से जीत दर्ज की। लगातार दो मुकाबले जीतने के साथ एनसीपीई की टीम ने प्रतियोगिता में अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
प्रतियोगिता समन्वयक प्रोफेसर सीमांत दुबे ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के साथ उनमें प्रतिस्पर्धा की स्वस्थ भावना विकसित करना भी है।