बुलंदशहर। कोतवाली देहात क्षेत्र के स्याना रोड पर रविवार को नवरात्र के दौरान पशु अवशेष मिलने की घटना के बाद हिंदू संगठनों का आक्रोश फूट पड़ा है। घटना के विरोध में शिवसेना और हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को एकजुट होकर कलक्ट्रेट का घेराव किया और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
इस दौरान शिवसेना जिलाध्यक्ष सर्वेश राणा व हिंदू जागरण मंच के युवा प्रांतीय संयोजक सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से जिले में अवैध कटान पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के नाम सीओ सिटी को ज्ञापन सौंपते हुए घटना में शामिल आरोपियों, मीट फैक्टरी संचालकों, ट्रांसपोर्टरों और इमलिया के ग्राम प्रधान के खिलाफ तत्काल सख्त कदम उठाने की मांग रखी।
हिंदू संगठनों ने चेतावनी दी कि आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत मुकदमा दर्ज कर उनकी संपत्तियों की कुर्की की जाए और अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया जाए। पदाधिकारियों ने अल्टीमेटम दिया कि यदि एक सप्ताह के भीतर दोषियों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो हिंदू समाज सड़कों पर उतरकर व्यापक और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा।