बुलंदशहर। नेशनल हाईवे-91 पर 30 जुलाई 2016 को नोएडा निवासी कार सवार परिवार के साथ हुई वीभत्स वारदात के मामले में जल्द ही अदालत का फैसला आ सकता है। अभियोजन की ओर से साक्ष्य पूरे हो चुके हैं। छह नवंबर को सफाई साक्ष्य पर बहस होगी। इसके बाद नवंबर या दिसंबर में फैसला आने की उम्मीद है। इस घटना के बाद प्रदेश का सियासी ताप बढ़ गया था।
नोएडा निवासी एक परिवार कार में सवार होकर शाहजहांपुर जा रहा था। देर रात में बुलंदशहर देहात कोतवाली क्षेत्र में दोस्तपुर फ्लाई ओवर के निकट पहुंचे थे तो बदमाशों ने उनकी कार को रुकवा लिया था। कार में मां-बेटी समेत एक ही परिवार के पांच लोग मौजूद थे। सबको कब्जे में लेेकर आरोपी उन्हें सड़क किनारे एक खेत में ले गए।
उन्हें बंधक बनाकर मां और नाबालिग बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद सामान आदि लूटकर फरार हो गए थे। शुरुआत में पुलिस की भी घोर लापरवाही सामने आई थी।
पूरे प्रकरण में आरोपियों को लेकर पुलिस शुरुआत से ही असमंजस की स्थिति में रही थी। पुलिस ने शुरुआती 72 घंटे में तीन लोगों को हिरासत में लिया था, जिन्हें बाद में शिनाख्त परेड में निर्दोष पाते हुए छोड़ दिया गया था। इसके बाद मामला सीबीआई के हवाले किया गया। तब तीन अन्य आरोपी पकड़े गए, इनमें सलीम बावरिया भी शामिल था। जिसकी कुछ समय पूर्व जिला कारागार बुलंदशहर में मृत्यु हो चुकी है।
इसके अलावा मामले में कुछ समय बाद पांच अन्य आरोपियों के नाम प्रकाश में आए, जिन्हें हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार किया था। सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता वरुण कौशिक ने बताया कि यह मामला वर्तमान में विशेष सत्र न्यायाधीश पोक्सो अधिनियम ओमप्रकाश वर्मा तृतीय के न्यायालय में विचाराधीन है। प्रकरण में अभियोजन की ओर से कुल 25 गवाह पेश किए गए हैं।
अभियोजन साक्ष्य की गवाही अभियोजन पक्ष में ही है। अब इस प्रकरण में सफाई साक्ष्य होना है। इसके लिए न्यायालय ने छह नवंबर की तारीख नियत की है। सफाई साक्ष्य पूर्ण होने के बाद अदालत अपना फैसला सुनाएगी।
कुछ दिन बाद जेवर में भी हुई थी ऐसी ही वारदात : बुलंदशहर की घटना के कुछ दिन बाद गौतमबुद्धनगर के जेवर थाना क्षेत्र में भी ऐसी ही एक वारदात हुई थी। आरोपियों ने एक कार सवार परिवार की तीन महिलाओं से सामुहिक दुष्कर्म किया था और परिवार के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद बदमाश लूटपाट कर फरार हो गए थे। इसके बाद इस तरह की कई वारदातों का राजफाश हरियाणा पुलिस ने संबंधित गैंग को पकड़ने के बाद किया था। (संवाद)