बुलंदशहर। बीते तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। तेज हवा के साथ हुई बारिश से कई क्षेत्रों में दलहन व सब्जी की फसलों को नुकसान हुआ है। डीएम श्रुति ने 12वीं तक के स्कूलों में आज अवकाश घोषित कर दिया है। मौसम वैज्ञानिक अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना जता रहे हैं।
रविवार से जिले में लगातार बारिश जारी है। इससे जगह-जगह जलभराव हो गया है। नगर के हरि एन्कलेब, यमुनापुरम, कचहरी परिसर, कालाआम, डीएम रोड, अस्पताल रोड, कृष्णा नगर, मोहल्ला साठा, देवीपुरा समेत कई मोहल्लों व कालोनियों की गली व सड़क पर पानी भर गया है, जिससे आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। मंगलवार को भी शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों की उपस्थिति कम रही।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 30 व न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता 96 फीसदी और हवा की गति 10 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक रही।
तेज हवा से गिरी फसल
बारिश व तेज हवाओं से धान की फसल गिर गई। जिला कृषि अधिकारी रामकुमार यादव का कहना है कि धान में कोई खास नुकसान नहीं है लेकिन दलहन व सब्जी की फसलों को नुकसान है। यदि और बारिश होती है तो नुकसान ज्यादा होगा।
अगले तीन से चार दिन तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। मंगलवार को 25 एमएम बारिश दर्ज की गई। बुधवार को अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
- डॉ. विवेकराज, मौसम वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र