मिड-डे-मील में दूध वितरित नहीं करने पर प्रधानाध्यापक निलंबित
बुलंदशहर। मिड डे मील में बच्चों को दूध वितरित नहीं करने और अन्य अनियमितता के आरोप में बीएसए ने लखावटी ब्लॉक के गांव रसीदपुर स्थित परिषदीय स्कूल प्रधान अध्यापक को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई एबीएसए की रिपोर्ट मिलने पर की गई है। साथ ही आगामी जांच बैठाते हुए उसे दूसरे स्कूल में भी अटैच कर दिया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि लखावटी ब्लॉक के एबीएसए ने अपनी जांच रिपोर्ट देकर अवगत करवाया था कि क्षेत्र के गांव रसीदपुर स्थित परिषदीय स्कूल में बच्चों को एमडीएम के तहत बुधवार को दूध का वितरण नहीं किया जा रहा है। इसकी शिकायत मिलने पर जब स्कूल का निरीक्षण किया गया तो वहां पर स्कूल में कराई गई रंगाई-पुताई मानक अनुसार नहीं मिली। इतना ही नहीं खरीदे गए व्हाइट बोर्ड भी मानक के अनुरूप नहीं मिले। इस पर प्रधान अध्यापक से जवाब मांगा गया तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इस पर प्रधान अध्यापक को एबीएसए ने निलंबित करने की संस्तुति की थी। प्रधान अध्यापक अजीत कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसी क्षेत्र के गांव जौठ स्कूल में आगामी आदेश तक तैनात करते हुए आगामी जांच भी बैठा दी है। इसके लिए एक ब्लॉक के एबीएसए को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जांच अधिकारी को यह भी निर्देश किया गया है कि प्रधान अध्यापक पर लगाए गए सभी आरोपों की गहनता से जांच की जाए और उसकी रिपोर्ट बनाकर जल्द उपलब्ध करवाई जाए, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।