किसानों की समस्याओं पर भाकियू ने किया हाईवे जाम
बुलंदशहर। गुलावठी में भारतीय किसान यूनियन (अम्बावता) के कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए रविवार को हाईवे पर जाम लगा दिया। इस दौरान किसानों ने सरकार विरोधी नारे भी लगाए। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने स्थानीय शहीद स्मारक पर धरना दिया और पंचायत की। इसमें समस्याओं का समाधान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
पंचायत में भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश महासचिव पवन तेवतिया ने कहा कि बढ़ती महंगाई के कारण आज किसान त्रस्त हैं। डीजल का दाम तेजी से बढ़ता जा रहा है। इससे फसलों की लागत भी बढ़ेगी। गेहूं क्रय केंद्रों पर किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। जनपद के कई तौल केंद्रों की शिकायतें भाकियू कार्यकर्ताओं के पास आ रही हैं, जिसके लिए रणनीति बनाकर आंदोलन किया जाएगा। जिलाध्यक्ष बिन्नू अधाना एवं जिला महासचिव सुधीर तेवतिया ने कहा कि सरकार को नये कृषि कानून अविलंब वापस लेने चाहिए। जब तक कानून वापस नहीं होंगे, तब तक दिल्ली बॉर्डर पर आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर प्रदेश महासचिव पवन तेवतिया, भाकियू के नगर अध्यक्ष राहुल अग्रवाल, प्रदेश सचिव ब्रहम सिंह, अशोक भाटी, जिला महासचिव सुधीर तेवतिया, इस्लाम गाजी, सलीम शेख, विनोद चौधरी, वसीम अहमद, नरेश कुमार, रणजीत सिंह, हरीश कुमार, भूपेश कुमार, सुनील कुमार, मौहम्मद अली, भानू सिंहल, कृष्ण चौधरी आदि मौजूद रहे। कोतवाल विवेक शर्मा एवं एसआई राजीव कौशिक के समझाने पर कार्यकर्ताओं ने कुछ देर बाद जाम खोल दिया।