बुलंदशहर। गुलावठी के पुराने नेशनल हाईवे के चौड़ीकरण के लिए शासन ने 14.94 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इस हाईवे के चौड़ीकरण और नवीनीकरण से प्रतिदिन मेरठ, हापुड़, उत्तराखंड के लिए सफर करने वाले 20 हजार से अधिक लोगों को सीधा फायदा होगा। गुलावठी में छह किमी लंबे पुराने नेशनल हाईवे की चौड़ाई कम होने और हालत खराब होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। सिकंदराबाद के विधायक लक्ष्मीराज सिंह के प्रस्ताव पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने सड़क चौड़ीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा था। अब शासन ने 14.94 करोड़ रुपये के प्रस्ताव के सापेक्ष 2.98 करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने बताया कि इस हाईवे के चौड़ीकरण और नवीनीकरण से लाखों लोगों को फायदा होगा।