भूगर्भ जल के व्यावसायिक उपयोग के लिए लेनी होगी एनओसी
बुलंदशहर। लगातार गिरते जल स्तर जल और लोगों द्वारा बिना अनुमति के पानी का व्यावसायिक प्रयोग करने वालों को अब विभाग से एनओसी लेना जरूरी होगा। इसके लिए शासन के निर्देश पर लघु सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने निर्देश जारी कर दिए हैं।
भूगर्भ जल का स्तर लगातार गिरता जा रहा है। जिसके चलते जिले के 10 ब्लॉक भी डार्क जोन में शामिल हो चुके हैं। लगातार गिरते भूगर्भ जल स्तर और धड़ल्ले से हो रहे पानी के व्यावसायिक प्रयोग को रोकने के लिए अब शासन ने निर्देश जारी किए हैं। जिसके चलते अब पानी का व्यावसायिक प्रयोग करने वाले लोगों को लघु सिंचाई विभाग से एनओसी लेनी होगी। लघु सिंचाई विभाग के इंजीनियर हिमांशु गौतम ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार अब पानी के व्यावसायिक प्रयोग से पहले एनओसी लेना अनिवार्य होगा। इसके लिए विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करने के साथ ही पांच हजार रुपये आवेदन फीस और फिर कैटेगरी के अनुसार फीस जमा करनी होगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति बिना एनओसी लिए पानी का व्यावसायिक प्रयोग करता मिलेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।