खुर्जा। नगर पालिका की ओर से मंदिर मार्ग पर किला गांव की तरफ फुटपाथ के किनारे ग्रीन बेल्ट तैयार कराई जाएगी। इसके लिए पालिका ने 40 लाख रुपये का प्रस्ताव बनाया है। बोर्ड बैठक में मंजूरी मिलने के बाद शासन में प्रस्ताव भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने पर कार्य किया जाएगा। इससे लोगों को धूल से निजात मिलेगी।
नगर पालिका की ओर से दो महीने पहले अस्पताल से मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर ग्रीन बेल्ट तैयार कराई गई, जिसमें फुटपाथ, क्यारी, पौधों की सुरक्षा के लिए पक्की दीवार, घास और लोहे की ग्रिल लगवाई गई। अब पालिका की ओर से दूसरी ओर भी ग्रीन बेल्ट बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
नगर पालिका अध्यक्ष अंजना भगवान दास सिंघल ने बताया कि मार्ग पर उड़ने वाली धूल को देखते हुए इंटरलॉकिंग का कार्य दोबारा कराया जाएगा। साथ ही सौंदर्यीकरण और पर्यावरण संरक्षण के लिए घास व पौधे भी लगाए जाएंगे। इससे मार्ग पर सुंदरता बढ़ेगी।