बुलंदशहर। सड़क हादसे में पौत्र की मौत के बाद गमजदा दादी की भी बुधवार को मौत हो गई। अचानक तबियत खराब होने पर परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दो दिन में दो मौत के कारण परिजनों में कोहराम मच गया।
दुर्गापुरम काॅलोनी निवासी कुलदीप का 16 वर्षीय बेटा यशवर्धन मंगलवार सुबह स्कूटी से ट्यूशन पढ़ने के लिए जा रहा था। डीएवी फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार ने यशवर्धन की स्कूटी को टक्कर मार दी थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल यशवर्धन की हायर सेंटर ले जाने के दौरान मौत हो गई थी। छात्र की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया था। करीब 65 वर्षीय दादी सन्नो देवी बार-बार बेहोश हो रही थीं। बताया जा रहा है कि पौत्र के गम में सन्नो देवी की बुधवार सुबह अचानक तबियत खराब हो गई। बुधवार को सन्नो देवी की मौत की जानकारी पर बड़ी संख्या में आसपड़ोस के लोगों के साथ रिश्तेदार भी कुलदीप के घर पहुंच गए। दोपहर के समय गमगीन माहौल में सन्नो देवी का अंतिम संस्कार किया गया।
रातभर यशवर्धन को पुकारती रहीं सन्नो देवी
मंगलवार को जब यशवर्धन का शव घर पहुंचा तो सन्नो देवी कई बार बेहोश हुईं। लोगों ने उन्हें पानी पिलाकर होश में लाया था। घटना के बाद उन्होंने कुछ खाया भी नहीं था। मंगलवार रातभर सन्नो देवी बार-बार यशवर्धन को पुकारती रहीं। बुधवार को तबियत खराब होने से पहले भी वह यशवर्धन को याद कर रही थीं।