बुलंदशहर। औरंगाबाद क्षेत्र में निर्माणाधीन राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बनकर तैयार हो गया है। इसमें नए शिक्षण सत्र से कक्षाएं चलाने के साथ प्रवेश की तैयारी शुरू हो गई है। क्षेत्र के लोगों की मांग पर इस विद्यालय के निर्माण पर 2.77 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक शिव कुमार ओझा ने बताया कि औरंगाबाद में राजकीय इंटर कॉलेज का निर्माण पूरा हो गया है। इसमें निर्धारित कमरे, लैब, कार्यालय और शौचालय के अलावा अन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। विद्यालय विभाग से संबद्ध हो गया है। इसका संचालन शिक्षण सत्र 2023-24 से किया जाना है। इसके साथ ही विद्यालय के संचालन की तैयारी शुरू हो गई है। हाल-फिलहाल इसमें सेवानिवृत्त शिक्षक रखे जाने के आदेश दिए हैं। चयनित शिक्षकों को विभाग द्वारा मानदेय दिया जाएगा। इसमें सभी विषयों के सेवानिवृत्त प्रवक्ता और एलटी ग्रेड टीजीटी व पीजीटी में रखा जाएगा। वहीं, दूसरी ओर विभाग की ओर से विद्यालय में प्रवेश की तैयारी भी शुरू हो गई है। बता दें कि क्षेत्र के लोगों की यह मांग काफी लंबी थी। इस मांग को पूरा करने में अनूपशहर विधानसभा से भाजपा विधायक संजय शर्मा ने पूरा सहयोग किया। इसके बाद ही यहां पर राजकीय इंटर कॉलेज के निर्माण के लिए शासन ने मंजूरी दी थी। अब यह विद्यालय बनने के बाद क्षेत्र के विद्यार्थियों को कक्षा छह से 12वीं तक की शिक्षा ग्रहण करने का मौका मिलेगा।