ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से बच्ची की मौत, भाई घायल
अहमदगढ़। घर से सुबह साइकिल पर सवार होकर स्कूल जाने के लिए निकले भाई-बहन को गन्ने से लदे ट्रैक्टर-ट्राली ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची की मौत हो गई और भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। हादसे के बाद आरोपी ट्रैक्टर-चालक फरार हो गया।
थाना क्षेत्र के गांव असरौली निवासी संजय कुमार ने बताया कि उनका पुत्र यश कुमार (12) व पुत्री परी (9) पास ही स्थित गांव उटरावली के एक स्कूल में पढ़ने जाते थे। परी कक्षा चार और यश छठवीं में है। शुक्रवार सुबह दोनों भाई-बहन एक ही साइकिल पर सवार होकर घर से स्कूल जाने के लिए निकले थे। जब वह गांव उटरावली के पास पहुंचे तो सामने से गन्ने से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली ने साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों व स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने परी को मृत घोषित कर दिया। यश को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने बच्ची का शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पुलिस ने तहरीर मिलने पर आरोपी ट्रैक्टर चालक संजय निवासी गांव बरौली थाना शिकारपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हालांकि, आरोपी ट्रैक्टर चालक मौके पर अपना वाहन छोड़ कर भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।
मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - जयवीर सिंह, थाना प्रभारी