खानपुर की गैस एजेंसी पर सिलिंडर लेने के लिए लाइन में लगे उपभोक्ता। संवाद
बुलंदशहर/खानपुर। नगर स्थित भारत गैस एजेंसी पर गैस की समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। नगर से लेकर देहात तक की एजेंसियों पर रोजाना की तरह शुक्रवार को भी लाइनें लगी रहीं। इस दौरान अधिकतर लोग बिना सिलिंडर मायूस लौट गए।
वहीं, खानपुर में उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग के 15 दिन बाद तक भी गैस आपूर्ति नहीं हो रही है। कस्बे में भी होम डिलीवरी बंद पड़ी है। स्याना की गैस एजेंसी भी कस्बे में गैस आपूर्ति नहीं कर रही है।
खानपुर स्थित गैस एजेंसी के बाहर ग्राहकों को लंबी लाइन लगी रही। लाइन में लगे कई उपभोक्ता राशिद, मुकेश व पवन आदि ने बताया वह कई दिन से गैस के लिए चक्कर काट रहे हैं। ऑनलाइन गैस बुक होने के एक सप्ताह बाद भी गैस नहीं मिल रही है। ढकरौली निवासी रजनी ने बताया विगत सप्ताह शुक्रवार को गैस बुक की थी लेकिन आज भी गैस नहीं मिली। उपभोक्ता हेमंत, रामचंद्र, सतीश ने बताया गैस बुक करने के बाद दफ्तर पर पर्ची काटने के लिए टोकन दिया जा रहा है। टोकन के एक सप्ताह बाद गैस बमुश्किल मिल पा रही है।
कस्बे में होम डिलीवरी के नाम पर खानापूर्ति हो रही है।
दफ्तर व गैस गोदाम के बाहर सैकड़ों लोग प्रतिदिन लाइन में लग रहे हैं। वहीं, नगर में स्याना एजेंसी से होने वाली गैस की होम डिलीवरी भी बंद है। लोगो को अपने सिलिंडर लेने स्याना जाना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने गैस सिलिंडर की कालाबाजारी के भी आरोप लगाए। वहीं, दूसरी ओर नगर की एजेंसियों पर भी रोजाना की तरह सुबह से लेकर दोपहर बाद तक लोगों की लाइनें लगी रहीं। उपभोक्ता पवन और नरेंद्र ने बताया कि वह पिछले छह से सात दिन से सिलिंडर लेने पहुंच रहे हैं। इतने दिन पहले बुकिंग के बाद भी अभी तक सिलिंडर नहीं मिला है।