गांव हजरतपुर में सिलिंडर फटने के बाद मौजूद लोग।
बुलंदशहर। गैस सिलिंडर की लीकेज के कारण गांव हजरतपुर में हादसा हो गया। सिलिंडर ने पहले आग पकड़ी, जिसे बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली और सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। हालांकि, गनीमत रही कि हादसे में किसी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई है।
पीड़िता ने पुलिस को शिकायत देकर गैस एजेंसी संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली देहात के गांव हजरतपुर निवासी जानकी पत्नी स्व. गंगा ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि सोमवार को इंडेन गैस का सिलिंडर डिलीवरी करने के लिए हॉकर पहुंचा था।
आरोप है कि बिना जांच के ही सिलिंडर डिलीवर कर दिया गया। रात के समय जब वह मिट्टी के चूल्हे पर खाना बना रहे थे तो इसी दौरान सिलिंडर ने आग पकड़ ली। आग को बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। जिसके बाद सिलिंडर में तेज आवाज के साथ धमाका हो गया। पीड़िता ने बताया कि हादसे में बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। पीड़िता ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली देहात प्रभारी ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।