बुलंदशहर। औद्योगिक कनेक्शन में लापरवाही बरतने व विभागीय कार्यों में रुचि न लेने पर गढ़मुक्तेश्वर डिविजन के अवर अभियंता को निलंबित कर दिया गया है। मामले की शिकायत मिलने पर मुख्य अभियंता ने कार्रवाई की। वहीं, ककोड़ के संविदा लाइनमैन को हटाने के लिए कार्यदायी संस्था को पत्र भेजा है। इसके अलावा गाजियाबाद के एक एसडीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है।
मुख्य अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि गढ़मुक्तेश्वर डिविजन के सिंभावली/हरौड़ा बिजलीघर पर राजकुमार अवर अभियंता के पद पर तैनात है। अवर अभियंता ने बिजली बिल राहत योजना और चोरी प्रकरणों के मामलों में राजस्व वसूली में रूचि न लेने व झटपट पोर्टल को लेकर समय-समय पर उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना की गई।
गांव सिखैड़ा के उपभोक्ता शकील अहमद के पांच किलोवाट के औद्योगिक विद्युत कनेक्शन करने में लापरवाही की। साथ ही अधिशासी अभियंता द्वारा स्पष्टीकरण मांगने पर जवाब नहीं दिया। समीक्षा में लापरवाही मिलने पर अधिशासी अभियंता के साथ दुर्व्यवहार किया। अवर अभियंता राजकुमार को निलंबित कर दिया है।
बताया कि पंंचम डिविजन के ककोड़ बिजलीघर नंबर एक क्षेत्र में संविदा लाइनमैन रमेश चंद्र की शिकायत के साथ एक ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली है। लाइनमैन बिना बिजली कनेक्शन के तार जोड़ने के नाम पर तीन हजार रुपये की मांग करता मिला। संविदा लाइनमैन द्वारा अवैध वसूली किए जाने से निगम की छवि धूमिल हुई है। संविदा लाइनमैन को हटाकर किसी अन्य की तैनाती के लिए कार्यदायी संस्था को पत्र भेजा है।