बुलंदशहर। नगर कोतवाली पुलिस ने बीते दिनों शराब सेल्समैन से लूट करने वाले सात आरोपियों को गैंगस्टर एक्ट में निरूद्ध किया है। शातिर लुटेरे सोनू को गैंग लीडर व उसके अन्य छह साथियों को उसका सहयोगी दर्शाया गया है।
नगर कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शाही ने दर्ज कराए मुकदमे में बताया कि उच्चाधिकारियों से अनुमोदित गैंग चार्ट के अनुसार गैंग लीडर आरोपी सोनू निवासी गांव धरारी थाना खुर्जा देहात और उसके गिरोह के अन्य आरोपी साथी अमित कुमार, प्रदीप, मनोज, विकास, कपिल और पवन निवासी गांव धरारी थाना खुर्जा देहात द्वारा एक आपराधिक गिरोह बना रखा है। गिरोह द्वारा आर्थिक लाभ के लिए लूट जैसी आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया जाता है। आरोपियों की दहशत के चलते कोई भी उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने अथवा गवाही देने की हिम्मत नहीं जुटा पाता है।
जनता को आरोपियों के भय एवं आतंक से मुक्ति दिलाने के लिए उनके खिलाफ 2/3 उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जानी जरूरी है। नगर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गिरोह ने 11 जून की रात नगर कोतवाली की आवास-विकास चौकी क्षेत्र में गिरोह द्वारा शराब ठेके के सेल्समेन की आंखों में मिर्च झोंककर और फायरिंग कर 1.96 लाख रुपये लूट लिए गए थे। पुलिस द्वारा घटना का खुलासा करते हुए बदमाशों को पकड़ा गया था।