अनूपशहर के घाट पर कम हुआ गंगा का जलस्तर। संवाद
अनूपशहर/अहार/नरौरा। गंगा में बढ़े जलस्तर में आंशिक गिरावट शुरू हो गई। वहीं, तेज बहाव से अनूपशहर व नरौरा समेत कई जगह कटान जारी है। गंगा के घाटों व खादर में पानी कम होने लगा है। वहीं, खेतों में बाढ़ का पानी अभी भी कम नहीं हो रहा और फसलों को लगातार नुकसान हो रहा है।
गंगा बैराज पर नदी का जल स्तर पिछले तीन दिन से लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। गंगा बैराज के जल लेखा सहायक देवेश कुमार ने बताया कि शनिवार को बैराज से गंगा नदी की डाउनस्ट्रीम में 126716 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। बैराज से निकली एलजीसी नहर में 7978 व पीएलजीसी नहर में 7052 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। लगातार कटान की समस्या जारी है। उन्होंने संभावना जताई कि जल्द ही बढ़े जलस्तर से निजात मिलेगी।
दूसरी ओर अहार व अनूपशहर में गंगा किनारे वाले घाटों व खादर में भी पानी कम हुआ है। सिंचाई विभाग ड्रेनेज के एसडीओ अनुज तिवारी ने बताया कि बिजनौर गंगा बैराज से पिछले कई दिन से लगातार पानी छोड़ा जाता रहा। इससे गंगा में जहां कटान हो रहा है उसका लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।
यदि आगामी दिनों में गंगा का जलस्तर कम नहीं हुआ तो इसका असर गंगा किनारे पहले से भरे पानी में खड़ी फसलों को होगा। एसडीएम अनूपशहर प्रियंका गोयल का कहना है कि गंगा के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।
किसान ओमप्रकाश व सुरेंद्र का कहना है कि गंगा का जलस्तर कम न होने के कारण खेतों में पहले से भरा बाढ़ का पानी कम नहीं हो रहा। इससे फसलों का नुकसान बढ़ता जा रहा है। सबसे ज्यादा नुकसान चारे की फसल ज्वार, बाजरा व सब्जियों की फसलों को हो रहा है।