बीडीए की गंगानगर आवासीय कालोनी में एफोर्डेबल फ्लैट्स की कीमत में जल्द ही कटौती की जाएगी। डीएम के आदेश के बाद प्राधिकरण अफसर रेट कटौती की कवायद में जुट गए हैं। फ्लैट की कीमत अधिक होने से ग्राहक बुकिंग तक कैंसल करवा रहे हैं।
फ्लैट की हैसियत कम आंककर बैंकों ने होम लोन देना बंद किया हुआ है। ऐसे में प्राधिकरण के पास कीमत घटाने के सिवाय दूसरा विकल्प नहीं है। बुलंदशहर विकास प्राधिकरण ने गंगानगर आवासीय कालोनी में दुर्बल और सामान्य आय वर्ग के
परिवारों के लिए इडब्ल्यूएस, एलआईजी और एफोर्डेबल फ्लैट्स का निर्माण करवाया था। तीनों श्रेणियों के लिए कुल 417 फ्लैट्स बनाए गए थे। ईडब्ल्यूएस वर्ग के फ्लैटस का आवंटन शत प्रतिशत हो चुका है।
आठ लाख की कीमत वाले 118 एलआईजी फ्लैट्स में से अब तक 36 फ्लैट्स के खरीदार नहीं मिले हैं। बीडीए ने गंगानगर टाउनशिप में 288 एफोर्डेबल फ्लैट्स का निर्माण भी करवाया था। इनमें 170 फ्लैटस की बुकिंग भी करवा दी गई। हालांकि बाद में 70 ग्राहकों ने बुकिंग कैंसल करवा दी।
कुल मिलाकर कीमत अधिक होने से प्राधिकरण को फ्लैटस के खरीदार नहीं मिल पा रहे हैं। इसी के मद्देनजर डीएम ने प्राधिकरण अफसरों से कहा है कि वह फ्लैटस का रेट रिवाइज करें, ताकि खाली भवनों को बेचा जा सके। डीएम का मानना है कि खाली भवन जर्जर हो जाएगे।
इससे बेहतर है कि कम कीमत पर फ्लैटस बेच दिए जाएं। डीएम ने ब्याजदर को भी घटाने के निर्देश प्राधिकरण अफसरों को दिए। बता दें कि 288 फ्लैट्स के एफोर्डेबल टावर में महज पांच परिवार रह रहे हैं।
श्रेणी वार फ्लैटस का विवरण
ईडब्ल्यूएस 116 2.70 लाख
एलआईजी 118 8.00 लाख
एफोर्डेबल 288 17-19 लाख