गंगा में सोमवार को जलस्तर और बढ़ गया। जलस्तर बढ़ोतरी का सिलसिला पिछले 48 घंटों से जारी है। अनूपशहर में स्नानघाट और आरती स्थल डूब गए हैं। साथ ही गंगा के आसपास गांवों में हजारों हेक्टेयर फसलें जलमग्न हो चुकी हैं। हालत यह हैं कि गंगा तट से सटे गांवों की सीमाओं से लहरें टकराने लगी हैं। ऐसे में ग्रामीण भयभीत हैं।
सिंचाई विभाग हेड वर्क्स के एसडीओ रामकिशन वर्मा के मुताबिक सोमवार शाम साढ़े चार बजे गंगा की डाउन स्ट्रीम में एक लाख 34 हजार 121 क्यूसेक पानी की निकासी की गई। बैराज पर कुल पानी की आवक एक लाख 43 हजार 738 क्यूसेक प्रति सेकेंड बनी है। बैराज से निकली एलजीसी एवं पीएलजीसी नहरों में क्रमश 7039 व 2578 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है।
तारबाबू देवेश कुमार ने बताया कि पांच बाढ़ चौकी, बुलंदशहर में नरौरा नियंत्रण कक्ष और रामघाट व अलीगढ़ के सांकरा में बाढ़ चौकी स्थापित की गई है। एसडीओ रामकिशन वर्मा ने बताया कि तटबंधों की निगरानी की जा रही है। अनूपशहर में लाल महादेव घाट, पातालिका घाट, शिव स्वरूप घाट, त्रिवेणी घाट, जाह्नवी द्वार और आरती स्थल पूरी तरह डूब चुका है।