बुलंदशहर। गंगा किनारे की 30 ग्राम पंचायतों को खुले में शौच से मुक्त करने के लिए 2000 शौचालयों का निर्माण शुरू हो गया है। इसके बाद शेष शौचालयों का निर्माण भी जल्द शुरू होने का दावा किया जा रहा है।
बता दें कि केंद्र सरकार की नमामि गंगे योजना के तहत गंगा किनारे बसे गांवों को शौच मुक्त करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान से जुड़े अफसरों का दावा है कि सभी गांवों को 15 अगस्त तक खुले में शौच मुक्त करवा दिया जाएगा।
इन गांवों में योजना के तहत शौचालय बनाने के लिए हाल ही में 1.25 करोड़ की राशि प्राप्त हुई थी। एक शौचालय पर 12 हजार रुपये खर्च किए जा रहे हैं। शौचालय निर्माण के लिए प्रत्येक ब्लॉक में 60-60 मजदूरों को ट्रेनिंग दी गई है।
जिन गांवों में अभी शौचालय का निर्माण नहीं हुआ है, वहां पर फिलहाल सार्वजनिक शौचालयों का बंदोबस्त किया गया है। सार्वजनिक शौचालय राजघाट, नोदेई बांगर, रामघाट बांगर और कर्णवास बांगर में बनाए गए हैं। इसी तरह गांवों का गंदा पानी रोकने को सोखता गड्ढे भी बनाए गए हैं। सोखता गड्ढे आठ गांवों में खुदवाकर उनका पानी गंगा में जाने से रोक दिया गया है।