खानपुर क्षेत्र के स्कूल में समर कैंप में मस्ती करते बच्चे। स्रोत: संस्थान
अनूपशहर/डिबाई/अहार /नरौरा। जिले के गंगा घाटों पर सोमवार को गंगा दशहरा का स्नान होगा। इसके लिए अनूपशहर व कर्णवास समेत सभी गंगा घाट सजकर तैयार हैं। हर हर गंगे के जयकारों की गूंजने लगे हैं। जिलेभर के गंगा घाटों पर करीब छह लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। जिले के अनूपशहर, नरौरा, राजघाट, कर्णवास, आहार सहित 14 प्रमुख गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है। एसडीएम प्रियंका गोयल ने अंतर-विभागीय बैठक कर सभी विभागों को गाइडलाइन जारी की है।
नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी गार्गी त्यागी ने बताया कि पालिका प्रशासन ने घाटों पर सुरक्षा और स्वच्छता के कड़े इंतजाम किए हैं। कुशल नाविकों और मोटर बोट की तैनाती की गई है। इसके अलावा, घाटों की सफाई के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं, जो शिफ्टों में 24 घंटे काम करेंगी। श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल, हाइमास्ट लाइटों और गंगा घाटों पर बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। मेला क्षेत्र में आपातकालीन चिकित्सा के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात रहेंगी। जगह-जगह मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। मिलावटी और दूषित खाने से बचाने के लिए फूड सेफ्टी विभाग की टीम भी मेला परिसर में लगातार चेकिंग करेगी।
क्षेत्राधिकारी विकास प्रताप चौहान ने बताया कि जेबकतरों और महिला सुरक्षा के मद्देनजर सादे कपड़ों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मी घाटों पर मुस्तैद रहेंगे। शहर में जाम की स्थिति न बने, इसके लिए ट्रैफिक का रूट डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा। डिबाई एसडीएम मनीष कुमार ने बताया कि कर्णवास में लगने वाले गंगा दशहरा मेले की तैयारी पूरी कर ली गई है। मेले में तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
24 को दोपहर बाद श्रद्धालु जुटने शुरू हो जाएंगे। क्षेत्र में शराब के ठेके पूरी तरह मेला खत्म होने तक बंद कर दिए गए हैं।
गंगा में 25 नावों पर 25 गोताखोर तैनात किए गए हैं। इसके अलावा एनडीआरएफ व गाजियाबाद पीएसी के गोताखोर भी तैनात रहेंगे। सीओ मधुप सिंह ने बताया कि बताया कि बाजार घाट, देवी घाट, श्मशान घाट, भूतेश्वर घाट तक गंगा में बैरिकेडिंग की गई है।
नर्सिंग घाट व धोबी घाट पर स्नान पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। डिबाई मार्ग और राजघाट मार्ग पर खेतों में वाहनों की पार्किंग व्यवस्था की गई है।