डिबाई। झोलाछाप के गलत इलाज से एक महिला की जान चली गई। परिजनों ने हंगामा कर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इंजेक्शन लगाने के 10 मिनट बाद ही महिला की मौत हो गई।
डिबाई कोतवाली क्षेत्र के गांव इच्छावरी निवासी सतीश की 46 वर्षीय पत्नी आशा को सोमवार रात अचानक बेचैनी और घबराहट होने लगी थी। इसके बाद उसकी सास रेशम देवी पड़ोस में क्लीनिक चला रहे झोलाछाप को बुला लाई। परिजनों का कहना है कि झोलाछाप एक इंजेक्शन लगाकर चला गया। इसके बाद आशा की हालत और बिगड़ गई। 10 मिनट बाद ही उसने दम तोड़ दिया। महिला की मौत होने पर परिजनों ने झोलाछाप पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगा हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया। आशा के पुत्र विपिन ने झोलाछाप पर कार्रवाई की मांग के लिए तहरीर दी है।
ये हो सकता है आया हो हार्ट अटैक
एसीएमओ डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि झोलाछाप को अधिक जानकारी नहीं होती है। हो सकता है महिला को हार्ट अटैक आया हो या सांस की बीमारी रही हो। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। हो सकता है झोलाछाप ने दर्द से राहत देने के लिए इंजेक्शन लगाया हो।
पूर्व में भी गलत इलाज से जा चुकी है मरीजों की जान
पहले भी जिलेभर में झोलाछापों के गलत इलाज से कई मरीजों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग शिकायत मिलने पर ही कार्रवाई करता है। स्वास्थ्य अफसरों का कहना है कि कोई भी बीमारी होने पर बिना पंजीकृत चिकित्सक के इलाज न करवाएं।
परिजनों की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। - भास्कर मिश्रा, क्षेत्राधिकारी डिबाई
मामले की जानकारी नहीं है। बुधवार को क्षेत्र में जाकर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. सुनील कुमार, एसीएमओ एवं नोडल अधिकारी