बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव अडौली निवासी पीड़ित अमित सिंह व उनके रिश्तेदार से तीन नामजद आरोपियों ने रेलवे में सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर करीब 7.36 लाख रुपये की ठगी कर ली। जानकारी होने पर पीड़ित पक्ष ने विरोध किया और अपने रुपये मांगे। पहले तो आरोपी टाल मटोल करते रहे। लेकिन, बाद में आरोपियों ने पीड़ित का गला दबाकर हत्या की कोशिश की। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हालांकि, अभी आरोपियों को पकड़ा नहीं जा सका है।
कोतवाली देहात में गांव अडौली निवासी अमित सिंह ने तहरीर देकर बताया कि सहकारी नगर स्थित एक स्कूल में उनकी मुलाकात गांव पौंडरी निवासी आरोपी विपिन चौरसिया उसके साथी अभिषेक चौरसिया और मोनू से हुई थी। वर्ष 2024 में आरोपियों ने पीड़ित व उनके रिश्तेदार शिवम निवासी दिल्ली की रेलवे में सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया। आरोपियों की बातों में आकर दोनों ने सहमति दे दी।
इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित से 3.36 लाख रुपये अपने खाते में व उनके रिश्तेदार शिवम से चार लाख रुपये नकद ले लिए। इसके बाद आरोपियों ने शिवम का फर्जी मेडिकल प्रमाण पत्र और फर्जी नियुक्ति पत्र भिजवाया, जिसके जांच में फर्जी होने का पता चला। नौकरी न लगने पर उनके द्वारा अपने रुपये वापस मांगे गए तो आरोपियों ने उनका गला दबाकर जान से मारने का भी प्रयास किया गया। देहात पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एएसपी ऋजुल कुमार ने बताया कि ठगी के संबंध में जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।