बुलंदशहर। चोला थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर रिठौरी निवासी समय सिंह ने बैंक में सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी करने और रकम वापस मांगने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
समय सिंह ने बताया कि वर्ष 2023 में उनकी मुलाकात गाजियाबाद के मालीवाड़ा निवासी वैशाली गोयल से हुई थी। वैशाली गोयल हर्बल लाइफ एवं इलेक्ट्रिक प्रोडक्ट्स का व्यापार करने के साथ सरकारी विभागों में सर्विस प्रोवाइडर और सिक्योरिटी का काम करती है।
आरोप है कि वैशाली गोयल ने उनके बेटे सुंदर की पंजाब नेशनल बैंक में चपरासी पद पर सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिया था। इसके एवज में सिक्योरिटी के नाम पर पांच लाख रुपये मांगे। उन्होंने 11 अप्रैल 2024 को गांव के ही राकेश शर्मा से रुपये लेकर वैशाली गोयल को अपनी पत्नी, बेटे और राकेश शर्मा की मौजूदगी में नकद दे दिए थे।
आरोप है कि काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगी। इस पर जब उन्होंने वैशाली से सवाल जवाब किए और रुपये लौटाने का दबाव बनाया तो उन्हें एक नियुक्ति पत्र दे दिया। जब वह उस नियुक्ति पत्र को लेकर संबंधित बैंक पहुंचे तो अधिकारियों ने उसे फर्जी बता दिया। आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर वैशाली ने टालमटोल की और बाद में शिकायतकर्ता व उसके परिवार के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। बताया कि पुलिस से शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने आरोपी के खिलाफ कोर्ट में वाद दायर किया था। सीओ दीपक कुमार तिवारी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पुलिस जांच कर रही है।