रकम दोगुनी करने का लालच देकर साढ़े 22 लाख हड़पे
ऊंचागांव। थाना नरसेना क्षेत्र में एक कंपनी में निवेश के नाम पर 18 माह में रकम दोगुनी करने का प्रलोभन देकर 22 लाख 50 हजार रुपए की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों पर कई जनपदों में करोड़ों रुपये की ठगी के मुकदमे दर्ज हैं।
डिबाई थाना क्षेत्र के बिलोनारूप निवासी होम निधि शर्मा पुत्र ऋषि राम शर्मा ने बताया कि स्याना थाना क्षेत्र में स्थित निफ्टेक ग्लोबल लिमिटेड कंपनी शेयर मार्केट का काम करती है और लोगों को 18 माह में रकम दोगुना करने की गारंटी देती है। आरोप है कि कंपनी के संचालकों ने होम निधि व तीन अन्य लोगों करन सिंह पुत्र सुल्तान सिंह निवासी जिला अलवर राजस्थान, कुंती पत्नी भरत व भरत पुत्र हर स्वरूप निवासी बिलोनारूप बुलंदशहर से 15 लाख 60 हजार की रकम खातों में ट्रांसफर कराई तथा बाकी नकद कंपनी में निवेश के नाम पर 18 माह में दोगुना करने का लालच देकर हड़प लिए और भाग गए। पुलिस ने भड़कऊ निवासी अशोक पुत्र चंद्रपाल, हेलन पत्नी अशोक, दीपक चौहान पुत्र मुख्तयार तथा अशोक चौहान व धर्मपाल पुत्र रघुवीर निवासी चांदनेर थाना बहादुरगढ़ जनपद हापुड़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।