शिकारपुर। थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद वाहन चोर गिरोह के चार शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की तीन कार, अवैध असलहा और निशान देही पर भारी मात्रा में कार के पुर्जे बरामद किए हैं। चारों आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
सीओ वरुण कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार रात अनूपशहर रोड पर बंबे की पुलिया के पास थाना पुलिस की एक टीम चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की चारों के साथ कुछ बदमाश इधर आने वाले हैं। जिस पर पुलिस टीम ने पुलिया के निकट चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस टीम ने कार सवार बदमाशों को रोकने का इशारा किया। लेकिन, आरोपी पुलिस को देख भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने कुछ दूरी पर ही सभी आरोपियों की घेराबंदी कर ली। खुद को गिरता देख आरोपियों ने टीम पर फायर झोंक दिया। जिसमें पुलिसकर्मी बाल बाल बचे। इसके बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चोरी की तीन कार, अवैध असलहा बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जहांगीरपुर क्षेत्र में उन्होंने कई गाड़ियों को बेच दिया था, जहां पुलिस ने छापेमारी कर कबाड़ियों की दुकान से चोरी के वाहनों के पार्ट्स बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपियों की शिनाख्त इमरान निवासी मोहल्ला व्यापारियन जहांगीरपुर कोतवाली जेवर, बब्बू निवासी मोहल्ला सराय अल्लो खुर्जा नगर, सलीम उर्फ मैनुद्दीन उर्फ मयूर निवासी मोहल्ला बारादरी खुर्जा नगर और फुरकान निवासी मोहल्ला व्यापारियन जहांगीरपुर के रूप में हुई। सीओ ने बताया कि उनके द्वारा कारों को चोरी करके जहांगीरपुर में सड़क किनारे एकांत में काट कर अलग-अलग हिस्सों में करके पार्ट्स करके ग्राहकों को बेच दिया जाता था। पार्ट्स के बेचने से जो पैसा मिलता था। उसे आपस में बांट लेते थे।