बुलंदशहर। जनपद में बुधवार की शाम आई तेज आंधी और बरसात आफत लेकर आई। तेज हवा के साथ आई बरसात के चलते जगह जगह हुए हादसों में चार लोगों की जान चली गई। जबकि, छह लोगों के घायल होने की सूचना है। अहमदगढ़ के गांव मुरादपुर में तेज आंधी में दीवार के नीचे दबने से किसान की मौत हो गई। वहीं, सिकंदराबाद में हाईवे पर चलते हुए बाइक फिसली और चालक की गर्दन में बिजली का तार अटकने पर फंदा लगने से जान चली गई। डिबाई और अनूपशहर में भी दो लोगों की मौत हुई। इसके साथ ही जगह-जगह बिजली के खंभे टूटने और पेड़ गिरने से करीब सैंकड़ों गांवों में बिजली गुल रही। आम की फसल को भी काफी नुकसान हुआ है।
हादसा एक..
मकान की दीवार गिरने से गई जान
अहमदगढ़। थाना क्षेत्र के गांव मुरादपुर निवासी किसान खलील बुधवार रात को खाना खाने के बाद परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब 8:35 बजे गड़गड़ाहट के साथ तेज आंधी और बरसात शुरू हो गई। जहां, वह परिवार के साथ चारपाई डाल कर सो रहे थे, वहीं साइड की दीवार अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। हादसे में मलबे के नीचे खलील अपनी पत्नी व परिवार के दो अन्य लोगों के साथ दब गए। मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला। लेकिन,खलील की जान जा चुकी थी। जबकि, उनकी पत्नी फूल बानो, परिवार के सदस्य नाजिम और नईम गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, घायलों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।
हादसा दो..
आंधी में फिसलकर गिरे बाइक सवार, एक की मौत, अन्य घायल
सिकंदराबाद। थाना जहांगीराबाद क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय सचिन अपने साथी गांव निवासी आकाश के साथ औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्टरी में कार्य करते थे। बुधवार रात दोनों युवक ड्यूटी के बाद बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। नेशनल हाईवे-34 पर गांव बिलसूरी में बैंक के पास उनकी बाइक फिसलकर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि हादसे के दौरान तेज आंधी व बरसात के चलते बिजली का खंभा, तार व पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गए थे। तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसली और सचिन के गले में बिजली के तार का फंदा लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने सचिन को मृत घोषित कर दिया और आकाश का उपचार चल रहा है। बिलसूरी चौकी प्रभारी ने बताया कि हादसे में घायल सचिन की मौत हो गई है। वहीं आकाश का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हादसा तीन..
पेड़ के नीचे दबकर एक किशोर की मौत, दो घायल
अनूपशहर। थाना क्षेत्र के गांव सिरौरा में बुधवार को आई तेज आंधी व बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े तीन युवक उसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक किशोर की जान चली गई। गांव सिरोरा निवासी रवि (15) अपने दो साथियों कन्हैया (18) और गौरव (20) के साथ गाड़ी पर खेत में सब्जी लोड कर रहे थे। इसी दौरान एक पेड़ उन पर गिर गया। वहां मौजूद अन्य लोगों ने तीनों को पेड़ के नीचे से निकालकर घायलावस्था में सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने रवि को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल कन्हैया और गौरव को बुलंदशहर जिला अस्पताल रेफर किया गया। तहसीलदार बीवी वर्मा और कोतवाली प्रभारी पंकज राय ने रात 11 बजे अस्पताल पहुंचकर ग्रामीणों से बात की। उन्होंने मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
हादसा चार..
सोलर प्लेट लेने गए युवक की छत से गिरकर मौत
डिबाई। बुधवार देर शाम आई तेज आंधी के दौरान कोतवाली क्षेत्र के गांव कुमरौआ निवासी भूपेंद्र (22) घर की छत पर लगी सोलर प्लेट को उतारने के लिए गए थे। बताया गया कि भूपेंद्र अपने पिता विनोद सिंह के साथ टेंट का काम करते थे। आंधी के दौरान सौर ऊर्जा प्लेट को छत से उतारकर लाने के लिए ऊपर पहुंचे तो तेज आंधी के चलते वह लड़खड़ा कर छत से नीचे गिर गए। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उनको अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्राम प्रधान पवन कुमार ने बताया कि परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के युवक का अंतिम संस्कार कर दिया है।
बुलंदशहर-स्याना क्षेत्र में आंधी से गिरा पेड़। संवाद