चोला पुलिस द्वारा मुठभेड़ के बाद बरामद बदमाशों की कार। स्रोत : पुलिस
बुलंदशहर। जनपद पुलिस की बदमाशों से दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मंगलवार रात मुठभेड़ हुई। जवाबी फायरिंग में तीन शातिर बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, इनके अलावा पुलिस ने एक अन्य बदमाश को मौके से गिरफ्तार किया है। दोनों कार्रवाई में कुल चार बदमाशों की गिरफ्तारी हुई है।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि थाना बीबीनगर पुलिस टीम खैरपुर नहर पर मंगलवार रात संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध आते दिखे। पुलिस टीम को देखकर दोनों गांव खरकाली की ओर भागने लगे। टीम ने पीछा कर बदमाशों की घेराबंदी की। खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
हालांकि, दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है। बदमाश की पहचान इरफान निवासी गांव औरंगाबाद थाना सिम्भावली जनपद हापुड़ (हाल निवासी जमना नगर थाना लोहिया नगर जनपद मेरठ) के रूप में हुई है। आरोपी के पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद किया है।
वहीं, थाना चोला पुलिस और स्वाट टीम चोला चौराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर बदमाशों ने कार को शेरपुर कट की ओर भगाने की कोशिश की। इसी दौरान कार गड्ढे में फंस गई। पुलिस से घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस द्वारा जवाबी फायरिंग में दो बदमाश पैरों में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों समेत उनके एक अन्य साथी को भी मौके से धर दबोचा। घायल बदमाशों की पहचान हरिकिशन और सुभाष निवासी गांव खानपुर थाना चोला और रिंकू निवासी गांव खबरा थाना खुर्जा देहात के रूप में हुई है। ये बदमाश थाना चोला क्षेत्र के गांव खानपुर में पैसे के लेनदेन को लेकर हुई सोनू शर्मा की गोली मारकर हत्या की घटना में वांछित चल रहे थे। बदमाशों के कब्जे से अवैध असलहा बरामद किया गया है।