गुलावठी पुलिस की पकड़ में चेन स्नेचर। संवाद
गुलावठी। पुलिस ने भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा में श्रद्धालुओं की सोने की चेन चोरी करने वाले गैंग की महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी की गई सोने की चेन, चेन बेचकर खरीदे गए ब्रेसलेट, कड़ा व 32,940 नकदी बरामद हुई है। पुलिस ने चारों आरोपियों को भेज दिया है।
सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की शिनाख्त संदीप निवासी हापुड़, दीपक निवासी संतोषपुरा अकलपुर रोड जालंधर पंजाब, महिला छाया और तुषार निवासी हापुड़ के रूप में हुई है।
आरोपियों ने 24 दिसंबर को गुलावठी में भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की चेन चोरी की थी। पालिका के सभासद और व्यापारी नेता अजय उर्फ अज्जू गर्ग ने थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इस घटना में शामिल तीन आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। सीओ ने बताया कि आरोपियों ने एक जुलाई 2024 को भारतीय स्टेट बैंक के सामने एक खड़ी कार से रुपये भी चोरी किए थे। गिरफ्तार आरोपी संदीप व दीपक पर दो और तुषार पर आठ व छाया पर नौ मुकदमें विभिन्न जनपदोंं मथुरा, वृंदावन, गाजियाबाद व गुलावठी में दर्ज हैं।
श्रद्धालु बनकर रथ यात्रा में शामिल हुए थे आरोपी
गुलावठी में 24 दिसंबर को भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली गई थी। एक आरोपी ने जगन्नाथ रथ यात्रा का फ्लैक्स देख लिया तथा अपने साथियों को बताया। आरोपी रथ यात्रा के दिन गुलावठी पहुंच गए तथा श्रद्धालु बनकर यात्रा में शामिल हो गए। आरोपियों ने लोगों में बिस्किट, पानी व फ्रूटी आदि का वितरण किया और मौका पाकर महिलाओं के गले से सोने की चेन चोरी कर ली।