बुलंदशहर। साइबर थाना पुलिस ने ऋण दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने एटीएम कार्ड व चेक बुक बरामद की है।
ककोड़ के गांव सलेमपुर जाट निवासी लोकेंद्र कुमार ने ऋण के नाम पर ठगी के आरोप में 15 मई को पुलिस को शिकायत दी थी। इसके लिए पुलिस ने शिकायत दर्ज करते हुए जांच शुरू की तो अजय प्रताप सिंह उर्फ गौरव चौहान, राजप्रताप उर्फ राजपाल, अविनाश कौशिक उर्फ आशी व सौरभ वर्मा के नाम सामने आए। पुलिस ने सूचना के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक एटीएम कार्ड व तीन चेक बुक बरामद की गईं हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह गिरोह के रूप में काम करते हैं। आरोपी सौरभ वर्मा फर्जी सिम अविनाश कौशिक को उपलब्ध कराता था तथा अविनाश कौशिक उन सिमों को अजय प्रताप सिंह को देता था। अजय प्रताप सिंह भोले-भाले लोगों को ऋण दिलाने का झांसा देकर उनसे भिन्न-भिन्न खातों में रुपये डलवा लेता था। इसके बाद आरोपी फर्जी ऋण अप्रूवल लेटर, एनओसी समेत अन्य दस्तावेज तैयार करते थे।