बुलंदशहर। जिले में होम्योपैथिक स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रयास शुरू हो गए हैं। पहले चरण में जिले के 20 होम्योपैथिक चिकित्सालयों में पांच चिकित्सालयों को हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे ग्रामीण इलाकों के स्वास्थ्य सुविधाएं में विस्तार हो सकेगा।
जिले में कुल 20 होम्योपैथिक चिकित्सालय संचालित हैं। इसमें 18 ग्रामीण क्षेत्र में तो दो शहरी क्षेत्र में बने हुए हैं। यहां पर अभी सीमित संसाधन के चलते मरीजों का उपचार होता है। प्रचार-प्रसार न होने के कारण लोगाें में होम्योपैथिक चिकित्सा को लेकर जागरूकता का भी अभाव है। इस कारण चिकित्सालयों पर मरीजों की अधिक भीड़ नहीं होती है। दिनभर में 50 से 100 मरीज ही पहुंच पाते हैं। अब होम्योपैथिक चिकित्सालयों को हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। जिसको लेकर विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। पहले चरण में पांच होम्योपैथिक चिकित्सालयों को हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर में तब्दील किया जाएगा। इसके बाद यहां पर स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ जाएगी।
ये सेंटर बनेंगे हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर
जिला होम्योपैथिक अधिकारी के अनुसार पहले चरण में खुशहालपुर, डरौरा, रशीदपुर, कल्याणपुर और मंडावरा होम्योपैथ चिकित्सालय को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बनाया जाएगा। ये सेंटर ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित हैं।
जिले के पांच होम्योपैथिक चिकित्सालयों को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के रूप में चयनित किया गया है। इन केंद्रों पर स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाई जाएगी। - डॉ. रजनीश शर्मा, जिला होम्योपैथिक अधिकारी