बुलंदशहर। मौसम में बदलाव के कारण वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। जिला चिकित्सालय की ओपीडी में प्रतिदिन 200 से अधिक मरीज आ रहे हैं। बुधवार को आधे दिन की ओपीडी में 228 वायरल मरीज पहुंचे।
इनमें से चार मरीजों को इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। सभी मरीजों ने पहले गले में खराश और खांसी की शिकायत बताई। मेडिसिन विभाग के डॉक्टर चर्चित गुप्ता ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मौसम बदलने से गले में खराश, दर्द और जलन हो रही है। इसके बाद कई मरीजों को बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द और कमजोरी भी होती है। ऐसे मरीज रोजाना ओपीडी में आकर परामर्श ले रहे हैं।
मरीजों के लक्षण और उपचार
मरीज विवेक को दो दिन पहले गले में खराश हुई, फिर तेज बुखार आया। सरला ने गले में दर्द के बाद नजला-खांसी और बुखार होने की बात कही। अनिल कुमार ने बुखार के बाद शरीर में कमजोरी महसूस होने की जानकारी दी। प्रभारी सीएमएस डॉ. प्रदीप राणा के अनुसार, ओपीडी में वायरल बुखार के मरीज आ रहे हैं। सभी मरीजों की जांच कर उन्हें दवाई दी जा रही है।