सिकंदराबाद। औद्योगिक क्षेत्र स्थित ब्लू डक टेक्सटाइल फैक्टरी में बुधवार की सुबह ऑयल टैंक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के प्रयास में फैक्टरी कर्मी इधर-उधर दौड़ने लगे। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आग को फैक्टरी के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक दिया।
गाजियाबाद निवासी शांतनु ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में टेक्सटाइल ब्लू डक नाम से टेक्सटाइल फैक्टरी है। बुधवार सुबह करीब सवा सात बजे फैक्टरी के ऑयल टैंक में लीकेज होने से आग लग गई। प्रबंधन ने दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना पर दमकल विभाग की दो गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
सीएफओ प्रमोद कुमार शर्मा ने बताया कि फोम टेंडर की मदद से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। प्रारंभिक जांच में ऑयल टैंक के लीक होने से आग लगने का मामला प्रकाश में आया है। घटना की जांच की जा रही है।