13 दिन से लापता किशोरी के मामले में एफआईआर दर्ज नहीं होने पर परिजनों का गुस्सा भड़क गया। सोमवार को परिजनों ने हिंदू संगठनों के साथ मिलकर थाने पर हंगामा कर एसएसपी ऑफिस पर भी प्रदर्शन किया। तब जाकर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज किया है। परिजनों ने एसएसपी से शिकायत की है कि एफआईआर दर्ज कराने के लिए चौकी पर प्रदर्शन करना पड़ा।
नई मंडी चौकी क्षेत्र गांव से एक 17 वर्षीय किशोरी 19 अप्रैल को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। पीड़िता के पिता ने गांव के ही युवक आफाक पर किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाकर तहरीर दी थी लेकिन पुलिस दो सप्ताह तक बिना रिपोर्ट दर्ज किए बरामदगी का आश्वासन देती रही।
जब सोमवार को परिजन हिंदू संगठनों के साथ नई मंडी चौकी पर हंगामा किया तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष हिमांशु मित्तल, पूर्व राजस्व मंत्री वीरेंद्र सिंह सिरोही, बजरंग दल से हेमंत सिंह, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कृष्णपाल सिंह, भाजपा नेता प्रताप चौधरी, शिवसेना जिलाध्यक्ष सर्वेश राणा व ग्रामीणों के साथ मिलकर एसएसपी ऑफिस पर भी प्रदर्शन किया।
लोगों का आक्रोष देख पुलिस की नींद टूटी। सीओ सिटी हिमांशु गौरव ने बताया कि तहरीर के आधार पर आफाक पुत्र आजाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।